-
☰
गुजरात: गढ़ गंगा मेले की तैयारियां तेज, 20 बीघा में बनेगी टेंट सिटी; 1300 रुपये में मिलेगी ठहरने की सुविधा
- Photo by : social media
संक्षेप
गुजरात: गढ़मुक्तेश्वर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले गढ़ गंगा मेले की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 15 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
विस्तार
गुजरात: गढ़मुक्तेश्वर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले गढ़ गंगा मेले की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 15 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम शुरू कर दिए हैं। गंगा घाटों पर स्नान व्यवस्था से लेकर हाईवे पर यातायात नियंत्रण तक विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। इस बार मेले में श्रद्धालुओं को प्रयागराज महाकुंभ की तर्ज पर टेंट सिटी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। करीब 20 बीघा क्षेत्र में आधुनिक टेंट सिटी विकसित की जा रही है। यहां ठहरने के लिए महाराजा, डीलक्स और पगोडा श्रेणी के टेंट बनाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को आवास के साथ तीनों समय भोजन की सुविधा भी मिलेगी। टेंट सिटी में 14 से 24 नवंबर तक ठहरने के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है। इसके लिए प्रतिदिन 1300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। यहां ठहरने वाले श्रद्धालुओं को रोजाना वीआईपी घाट पर स्नान की सुविधा भी दी जाएगी। जानकारी के अनुसार, अब तक लगभग 100 टेंट की बुकिंग हो चुकी है। मेले में सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अवैध गतिविधियों पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। जुआ और मादक पदार्थों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए पुलिस के साथ आबकारी विभाग को भी लगातार निगरानी रखने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। इसके अलावा भैंसा-बुग्गी दौड़, बुल रेस और बुल फाइटिंग जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध से जुड़े आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसी गतिविधियों के कारण विवाद, मारपीट और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। प्रशासन का प्रयास है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।