Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: सरकार का सबसे बड़ा बजट पेश, लाडो लक्ष्मी योजना और आधुनिक स्वास्थ्य-सड़क सुविधाओं पर दिया जोर

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rammehar , Date: 07/03/2026 04:06:07 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rammehar ,
  • Date:
  • 07/03/2026 04:06:07 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी सरकार के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है।

विस्तार

हरियाणा: हांसी सरकार के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है। यह बजट प्रदेश के हर वर्ग और क्षेत्र के लोगों के विकास व कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इससे हरियाणा में विकास की गति और तेज होगी। श्री रणबीर गंगवा शनिवार को हांसी स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। कैबिनेट ने कहा कि चुनाव से पहले प्रदेश की जनता से किए गए वादों को भाजपा सरकार तेजी से पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना लागू हो चुकी है और इसके लिए 5000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। शुरुआत में एक लाख रुपए वार्षिक आय वाली महिलाओं को योजना में शामिल किया गया था, लेकिन अब इसका दायरा बढ़ाकर एक लाख 80 हजार रुपए वार्षिक आय वाली महिलाओं को भी इसमें शामिल कर लिया गया है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकारी अस्पतालों में भी निजी अस्पतालों की तर्ज पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सात जिलों के सरकारी अस्पतालों में एमआरआई तथा 18 जिलों के अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू की जा चुकी है। इसके अलावा अस्पतालों में कई अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय शिक्षा का युग है और युवाओं को मेरिट के आधार पर पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। इससे युवाओं में पढ़ाई के प्रति रुझान बढ़ा है और गरीब से गरीब परिवार के बच्चे भी उच्च पदों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 250 सीएम श्री स्कूल खोले जाएंगे ताकि बच्चों को शुरुआत से ही अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इसके साथ ही समय की मांग के अनुरूप डिजिटल कॉलेज भी खोले जाएंगे, जहां युवाओं को एआई जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि नवगठित हांसी जिले को आधुनिक मॉडल जिले के रूप में विकसित किया जाएगा। 

प्रदेश में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 23 जिले राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ चुके हैं। राज्य में 3500 ऐसी सड़के थीं जिनकी चौड़ाई 12 फुट थी, जिनमें से 1275 सड़कों को 18 फुट किया जा चुका है और शेष सड़कों की चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की किसी भी सड़क की चौड़ाई 18 फुट से कम नहीं रहने दी जाएगी तथा 5000 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का कारपेट किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में नए विश्रामगृह भी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बजट में जन स्वास्थ्य विभाग के बजट में भी बढ़ोतरी की गई है ताकि नागरिकों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इसके लिए आवश्यकता अनुसार जल घरों का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश में 446 ऐसे पानी के टैंक चिन्हित किए गए हैं जिनमें धरातलीय पानी मिलने की समस्या थी। इन सभी टैंकों को दुरुस्त किया जाएगा, जिनमें से अब तक 44 टैंकों को ठीक किया जा चुका है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को भी शहरी तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश के 10 हजार से अधिक आबादी वाले 150 गांवों को महाग्राम योजना में शामिल किया गया है। बजट में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने का भी प्रावधान किया गया है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, सतवीर वर्मा, बिजेंद्र लोहान, आभास अग्रवाल, धर्मवीर रतेरिया, ओमपाल यादव, रामेहर बरागी, बलजिंदर यादव सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।