Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर जागरूकता कार्यशाला हुआ आयोजित

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Yogendra Kumar , Date: 11/02/2026 02:07:11 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Yogendra Kumar ,
  • Date:
  • 11/02/2026 02:07:11 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आज जनपद गौतम बुद्ध नगर में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आज जनपद गौतम बुद्ध नगर में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में संपन्न हुई। कार्यशाला का उद्देश्य इंटरनेट के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं सकारात्मक उपयोग के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक करना था। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल युग में इंटरनेट हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है, ऐसे में साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें तथा आमजन को भी साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी प्रदान करें। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने अपने संबोधन में बच्चों में बढ़ते मोबाइल एवं इंटरनेट उपयोग पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों का अत्यधिक समय मोबाइल और इंटरनेट पर व्यतीत होना एक गंभीर विषय बनता जा रहा है। अभिभावकों का दायित्व है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से मोबाइल से दूर रखें तथा यदि शैक्षिक या अन्य आवश्यक कारणों से मोबाइल का उपयोग कराया जा रहा है तो उस पर निरंतर अभिभावक निगरानी (पैरेंटल मॉनिटरिंग) सुनिश्चित करें। कार्यशाला में जनपद गौतम बुद्ध नगर के साइबर क्राइम इंचार्ज बलजीत व साइबर थाने के इंस्पेक्टर अनुज कुमार सैनी द्वारा इंटरनेट के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

 

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों में निरंतर वृद्धि हो रही है, जिससे बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने व्हाट्सएप, फोन-पे, पेटीएम जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों के सुरक्षित उपयोग, किसी भी प्रकार के अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा प्ले स्टोर से किसी भी एप्लीकेशन को डाउनलोड करते समय उसकी प्रामाणिकता जांचने पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी डाॅली सिंह द्वारा सुरक्षित इंटरनेट दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षित इंटरनेट दिवस प्रत्येक वर्ष फरवरी माह के द्वितीय मंगलवार को मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2004 में यूरोपीय संघ की पहल पर की गई थी।

 

इस दिवस का उद्देश्य बच्चों, युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सरकारी कर्मियों सहित समाज के सभी वर्गों को इंटरनेट के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता एवं डिजिटल शिष्टाचार के प्रति सजग रहकर ही हम एक सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण कर सकते हैं। कार्यशाला के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, एन आई सी से नेटवर्क फील्ड इंजीनियर अमित शर्मा व मनीष कुमार, कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।