Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: “हर घर जल” योजना हुई फेल, 4 साल से पानी सप्लाई हुआ बंद
 

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Suraj Maurya , Date: 10/04/2026 04:52:26 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Suraj Maurya ,
  • Date:
  • 10/04/2026 04:52:26 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: मीरजापुर छानबे सरकार की महत्वाकांक्षी “हर घर जल” योजना जहां पूरे देश में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का दावा कर रही है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: मीरजापुर छानबे सरकार की महत्वाकांक्षी “हर घर जल” योजना जहां पूरे देश में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का दावा कर रही है। वहीं मीरजापुर जनपद के छानबे क्षेत्र के देवरी गांव में यह योजना पूरी तरह से फेल होती नजर आ रही है। गांव में जल निगम की पाइपलाइन से पिछले करीब 4 वर्षों से पानी की सप्लाई बंद है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जल निगम विभाग इस गंभीर समस्या से पूरी तरह बेखबर बना हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और न ही सप्लाई बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही “हर घर जल” योजना के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन ठेकेदारों की लापरवाही और घटिया कार्य के चलते योजना शुरू होने से पहले ही दम तोड़ गई। 

लोगों का आरोप है कि इस योजना में भ्रष्टाचार हुआ है और कागजों पर काम दिखाकर जिम्मेदारों ने अपनी जेबें भर लीं। गांव की महिलाओं और बुजुर्गों को आज भी दूर-दराज के हैंडपंपों और कुओं से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी बेहद कठिन हो गई है। गर्मी के मौसम में यह समस्या और भी विकराल रूप ले लेती है। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि देवरी गांव के लोगों को भी स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके।