-
☰
उत्तर प्रदेश: ग्राम चौपाल में प्रभारी मंत्री और सदर विधायक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, एक सप्ताह में समाधान के दिए निर्देश
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचायत भवन चुर्क परिसर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस चौपाल में सदर विधायक भूपेश चौबे भी मौजूद रहे। इस दौरान मंत्री और विधायक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। चौपाल में किसान सम्मान निधि से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से उठाई गईं। इस पर प्रभारी मंत्री ने उपनिदेशक कृषि को गांव में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए। वहीं, वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को लंबित मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा गांव में शौचालय से वंचित पात्र परिवारों का मुद्दा भी सामने आया। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी को ऐसे परिवारों की सूची तैयार कर उन्हें सरकारी योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। हर घर नल से जल योजना के तहत चुर्क ग्राम सभा में पेयजल आपूर्ति की स्थिति को लेकर भी प्रभारी मंत्री ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर गांव में स्थलीय निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों को गांव में ही शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण करना होगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, एसडीएम सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, सीओ रणधीर मिश्रा, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पंजाब: पत्रकारिता से प्रशासनिक सेवा तक का सफर, मेहनत और लगन से शेरजंग सिंह हुंदल ने बनाई खास पहचान
उत्तर प्रदेश: दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल, 65 हजार रुपये तक मिलेगी सरकारी सहायता
उत्तर प्रदेश: खेत में उतरे डीएम, किसान के साथ खुद काटी धान की फसल, उत्पादन का भी लिया जायजा