-
☰
झारखण्ड: जनता की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई, जन समाधान दिवस में 10 शिकायतें निस्तारित
- Photo by : social media
विस्तार
झारखण्ड: नगर पंचायत छतरपुर द्वारा बुधवार को नगर पंचायत सभागार में आयोजित जन समाधान दिवस आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच साबित हुआ। कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचे। नगर पंचायत प्रशासन ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जन समाधान दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, होल्डिंग टैक्स, सड़क एवं नाली निर्माण, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जल निकासी, अतिक्रमण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, वार्डों में विकास कार्यों की प्रगति सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़ी 20 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 10 से अधिक शिकायतों का समाधान अधिकारियों ने मौके पर ही कर दिया। जिन मामलों में तकनीकी या विभागीय प्रक्रिया आवश्यक थी, उन्हें प्राथमिकता सूची में शामिल करते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता 'चुनमून' ने कहा कि नगर पंचायत का मूल उद्देश्य जनता को पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन तभी सफल माने जाएंगे जब आम नागरिक बिना किसी परेशानी के अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत कार्यालय जनता की सेवा के लिए है और किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए प्रशासन लगातार व्यवस्था को और बेहतर बना रहा है। जन समाधान दिवस इसी सोच का परिणाम है, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं की सुनवाई और समाधान की व्यवस्था की गई है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष मंजीत यादव ने कहा कि जन समाधान दिवस नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को छिपाने के बजाय सीधे प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। कार्यापालक पदाधिकारी फैज़ुर्र रहमान ने कहा कि नगर पंचायत नागरिकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी शिकायतों का डिजिटल एवं विभागीय स्तर पर पंजीकरण किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके। जिन शिकायतों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनके लिए संबंधित शाखाओं को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में सिंगल विंडो सिस्टम लागू होने से नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई और समाधान की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इससे लोगों का समय, श्रम और धन तीनों की बचत हो रही है तथा प्रशासनिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बन रही है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने बारी-बारी से लोगों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर कई मामलों का तत्काल निस्तारण किया। जिन मामलों में स्थल निरीक्षण या अन्य विभागों से समन्वय आवश्यक था, उन्हें संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जन समाधान दिवस में पहुंचे नागरिकों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कई दिनों तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही मंच पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में समस्याओं का समाधान हो रहा है। इससे आम लोगों का समय बच रहा है और प्रशासन के प्रति विश्वास भी लगातार बढ़ रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि भविष्य में भी जन समाधान दिवस का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा ताकि प्रत्येक नागरिक को उसकी समस्या का समयबद्ध समाधान मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का लक्ष्य छतरपुर को स्वच्छ, सुंदर, विकसित, पारदर्शी और जनहितैषी नगर बनाना है, जहां प्रत्येक नागरिक को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों और प्रशासन जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह रहे। इस अवसर पर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मंजीत यादव, कार्यापालक पदाधिकारी फैज़ुर्र रहमान, सिटी मैनेजर मुर्तजा अंसारी, सभी वार्ड पार्षद, नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नागरिकों को उनकी शिकायतों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाते हुए किया गया।
गुजरात: 489 ग्राम चरस बरामदगी मामले का मुख्य सप्लायर हुआ गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच हुई तेज
झारखंड: घरेलू विवाद के बाद दो मासूम बेटियों की कुएं में डूबने से हुई मौत, हिरासत में मां
मध्य प्रदेश: मांधाता विधायक ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश
गुजरात: मिलावटी दूध का क़हर, घी और मिठाइयों की बिक्री के आरोप, कार्रवाई की मांग हुई तेज
मध्य प्रदेश: बारिश में उखड़ी सड़क बनी हादसों का कारण, जर्जर मार्ग को लेकर लोगों में बढ़ा आक्रोश