Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: खेत में उतरे डीएम, किसान के साथ खुद काटी धान की फसल, उत्पादन का भी लिया जायजा

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 19/11/2026 02:43:25 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 19/11/2026 02:43:25 pm
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र किसानों के बीच पहुंचकर खेती-किसानी की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ बुधवार को राबर्ट्सगंज तहसील के बिच्छी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने किसान राजू कुमार मौर्य के खेत में खुद हसिया चलाकर धान की कटाई की और क्रॉप कटिंग प्रक्रिया में हिस्सा लेकर फसल के उत्पादन का आकलन किया। क्रॉप कटिंग के लिए खेत में 0.0043 हेक्टेयर यानी 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का चयन किया गया था। निर्धारित क्षेत्र में धान की कटाई पूरी होने के बाद उपज का वजन कराया गया, जिसमें कुल 21.880 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा और किसानों की मेहनत की सराहना की।

इस दौरान डीएम ने किसानों से फसल कटाई के बाद खेतों में पराली नहीं जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। किसानों को पराली के उचित प्रबंधन के विकल्प अपनाने चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि पराली जलाने पर शासन के नियमानुसार जुर्माने का प्रावधान है। जिलाधिकारी ने किसानों से यह भी आग्रह किया कि जिनके पास आवश्यकता से अधिक अनाज और पशुचारा उपलब्ध है, वे गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के लिए स्वेच्छा से अनाज और चारा दान करें। इससे निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण में सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर तहसीलदार सदर राहुल सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक अमरनाथ पाठक, अपर सांख्यिकी अधिकारी संतोष कुमार मौर्य, लेखपाल सुबोध कुमार सिंह और संज्जन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Featured News