-
☰
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर के 21 विद्यालयों की टीमों ने लिया हिस्सा, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर दिल्ली-यमुनोत्री राजमार्ग स्थित स्प्रिंग बेल्स स्कूल में 27 नवंबर 2026 को अंतरविद्यालय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सहारनपुर जिले के 21 विद्यालयों की टीमों ने अपने कोच के साथ उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ सहारनपुर के महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथि महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। महापौर ने वॉलीबॉल से रिबन काटकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में महापौर ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला बिल क्लिंटन स्कूल, रामपुर मनिहारान और स्प्रिंग बेल्स स्कूल की बी टीम के बीच खेला गया। इसमें बिल क्लिंटन स्कूल की टीम ने 15-9, 4-16 और 15-13 के स्कोर से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में चाणक्य इंटरनेशनल स्कूल, रामपुर मनिहारान ने रेनबो इंटरनेशनल स्कूल, इस्लामनगर को 16-14 और 15-10 से हराया। अन्य मुकाबलों में मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल, सरसावा ने तक्षशिला वर्ल्ड स्कूल, अंबेहटा पीरजादगान को पराजित किया। रेडिएंट पब्लिक स्कूल, नानौता ने लॉर्ड महावीरा एकेडमी के खिलाफ जीत हासिल की। वहीं, स्प्रिंग बेल्स स्कूल की ए टीम ने ऐक्मे ग्लोबल के विरुद्ध मुकाबले में जीत दर्ज की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक करण सिंह राणा, निदेशक डॉ. राहुल सिंह, प्रधानाचार्या अलका कुमार, उप-प्रधानाचार्य नीरज कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों, खिलाड़ियों, कोच और रेफरियों का आभार व्यक्त किया।