-
☰
उत्तराखंड: पौड़ी में एडीजीपी डॉ. वी. मुरुगेशन ने किया पैठाणी थाने का निरीक्षण, पुलिस व्यवस्थाओं की समीक्षा
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तराखंड: पौड़ी गढ़वाल में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने थाना पैठाणी का निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विस्तार
उत्तराखंड: पौड़ी गढ़वाल में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने थाना पैठाणी का निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महिला संबंधी मामलों, जनशिकायतों और लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एडीजीपी ने थाना परिसर, कर्मचारी बैरक, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क और हवालात का अवलोकन किया। इसके अलावा मालखाना, माल मुकदमाती संपत्ति, शस्त्र एवं एम्युनिशन तथा एफआईआर और विवेचना रजिस्टर सहित महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। उन्होंने सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और पुलिस व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। डॉ. मुरुगेशन ने लंबित मामलों, जनशिकायतों, समन और वारंटों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी शिकायतों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए और महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी तरीके से संचालित किया जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, बाहरी लोगों का सत्यापन तेज करने और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के बाद एडीजीपी ने पुलिसकर्मियों के साथ सम्मेलन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ काम करने तथा आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।