-
☰
हरियाणा: जलभराव की शिकायत मिलते ही तुरंत जल निकासी के प्रबंध करें अधिकारी : सीटीएम
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हांसी जिला सचिवालय परिसर में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में सीटीएम हिमांशु चौहान ने नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं।
विस्तार
हरियाणा: हांसी जिला सचिवालय परिसर में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में सीटीएम हिमांशु चौहान ने नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीटीएम ने विशेष रूप से जलभराव की शिकायतों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कहीं से भी जलभराव की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें और जल निकासी के आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। उन्होंने बरसात के दौरान क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर पंप, मशीनरी और अन्य संसाधनों का प्रयोग करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। जलभराव जैसी समस्या के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने के बाद समय पर कार्रवाई नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। समाधान शिविर में नगर परिषद के ईओ तथा हांसी के ट्रैफिक मैनेजर अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीटीएम हिमांशु चौहान ने दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को आयोजित होने वाले समाधान शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। शिविर में नागरिकों ने आय कम करवाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन बनवाने सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। सीटीएम ने आवेदनों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पत्नी के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए तुरंत जारी किया रिलेशनशिप सर्टिफिकेट समाधान शिविर में प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली का उदाहरण भी सामने आया। लाल सड़क, हांसी निवासी चंदन ने रिलेशनशिप सर्टिफिकेट जारी करवाने के लिए आवेदन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार बिढान ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सर्टिफिकेट जारी कर दिया। सर्टिफिकेट मिलने के बाद तहसीलदार ने चंदन को बिना देरी किए जयपुर रवाना होने को कहा, ताकि उसकी पत्नी के किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया में दस्तावेज के अभाव में किसी प्रकार की देरी न हो। प्रशासन की तत्परता पर चंदन ने आभार व्यक्त किया। ढाणा खुर्द के ग्रामीणों ने उठाया बंदरों और जल निकासी का मुद्दा समाधान शिविर में ढाणा खुर्द के ग्रामीणों ने गांव में बंदरों की समस्या और जल निकासी को लेकर शिकायत दी। ग्रामीणों ने बताया कि बंदरों के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और जल निकासी की उचित व्यवस्था भी जरूरी है। सीटीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।