-
☰
हरियाणा: हांसी के 6 गांवों को जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत, पंप हाउस और पाइपलाइन से होगी जल निकासी
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हांसी के जीतपुरा, भाटोल जाटान, भाटोल रागड़ान, बडाला, गढ़ी और खरकड़ा गांवों के रिहायशी क्षेत्रों व खेतों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन ने कदम बढ़ाया है। बीएमपी ड्रेन की रोड नंबर 97600 पर पंप हाउस और गेट गियरिंग का निर्माण कराया जाएगा। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और बरसात का मौसम समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। एसडीएम राजेश खोथ ने शुक्रवार को प्रभावित गांवों और खेतों का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर जल निकासी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। एसडीएम ने बिजली निगम के अधिकारियों को जल निकासी के लिए लगाए जाने वाले पंपों के संचालन हेतु 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों से पानी की निकासी सर्वोच्च प्राथमिकता पर की जाए। भाटोल और बडाला क्षेत्र से बरसाती पानी की निकासी के लिए ऋषिकुल स्कूल के पास से बीएमपी ड्रेन तक करीब 5000 फीट लंबी पाइपलाइन बिछाने की योजना है। इससे लगभग 1000 एकड़ कृषि भूमि को जल निकासी की सुविधा मिलने की उम्मीद है। सिंचाई विभाग को प्रस्ताव तैयार कर निर्धारित समयसीमा में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जलभराव की मौजूदा समस्या का समाधान करने के साथ-साथ भविष्य में भी ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी व्यवस्था तैयार करना है। स्थायी व्यवस्था बनने तक आवश्यक अस्थायी इंतजाम भी किए जाएंगे। दौरे के दौरान किसानों ने जलभराव से खेती में होने वाली परेशानियों से एसडीएम को अवगत कराया। एसडीएम ने उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। इस अवसर पर बिजली निगम, सिंचाई विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारी, सरपंच, क्षेत्र के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
मध्य प्रदेश: बिठली स्वास्थ्य केंद्र में बढ़ेंगी सुविधाएं, मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने दिए निर्देश
मध्य प्रदेश: वन भूमि पर कब्जे का मामला गरमाया, गौशाला निर्माण के लिए कार्रवाई की मांग
हरियाणा: ग्रामीण सड़कों को मिलेगी नई रफ्तार, हांसी में 3.5 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ
हरियाणा: पराली प्रबंधन योजना का ड्रा संपन्न, 109 किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों का मिलेगा लाभ