-
☰
हरियाणा: जींद में 250 पत्रकारों के बीच एसपी उपासना यादव का संदेश, खबर से पहले करें तथ्यों की पुष्टि
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: जींद में राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में वीर फाउंडेशन की ओर से पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से 250 से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया।
विस्तार
हरियाणा: जींद में राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में वीर फाउंडेशन की ओर से पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से 250 से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया। इस दौरान दिवंगत निर्भीक पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की स्मृति में पांच उत्कृष्ट पत्रकारों को ‘रामचंद्र छत्रपति गौरव अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए जींद की पुलिस अधीक्षक उपासना यादव ने पत्रकारिता की जिम्मेदारी और खबरों की विश्वसनीयता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व भी है। आज डिजिटल मीडिया के दौर में सबसे पहले खबर देने की प्रतिस्पर्धा बढ़ी है, लेकिन इस जल्दबाजी में तथ्यों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। एसपी उपासना यादव ने पत्रकारों से अपील की कि किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की अच्छी तरह जांच कर लें। उन्होंने कहा कि गलत जानकारी तेजी से लोगों तक पहुंचती है और समाज पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत उसकी विश्वसनीयता है, इसलिए प्रत्येक पत्रकार को तथ्यों की पुष्टि को प्राथमिकता देनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। आस संस्था की ओर से पत्रकारों के स्वास्थ्य की जांच की गई। समारोह में मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, हरियाणा सरकार के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, कंडैला खाप के प्रधान ओमप्रकाश, माजरा खाप के प्रधान गुरविंद्र संधू, नौगामा खाप के प्रधान जयबीर लोहान, ढुल खाप के प्रधान हरपाल ढुल और वरिष्ठ पत्रकार दीपकमल सहारण सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को फिर से रेखांकित किया। वक्ताओं के संदेश का सार यही रहा कि खबर की अहमियत उसकी तेजी से नहीं, बल्कि उसकी सच्चाई और विश्वसनीयता से तय होती है।
पंजाब: पत्रकारिता से प्रशासनिक सेवा तक का सफर, मेहनत और लगन से शेरजंग सिंह हुंदल ने बनाई खास पहचान
उत्तर प्रदेश: दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल, 65 हजार रुपये तक मिलेगी सरकारी सहायता
उत्तर प्रदेश: खेत में उतरे डीएम, किसान के साथ खुद काटी धान की फसल, उत्पादन का भी लिया जायजा