-
☰
हरियाणा: HAU कैंपस स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, कुलपति ने फहराया तिरंगा
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हिसार चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कैंपस स्कूल परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया।
विस्तार
हरियाणा: हिसार चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कैंपस स्कूल परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि स्कूल की निदेशिका संतोष कुमारी ने समारोह की अध्यक्षता की। कुलपति ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। अपने संबोधन में प्रो. काम्बोज ने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की अपील की। कुलपति ने विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय किसानों की आय बढ़ाने और नई कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। समारोह के दौरान वन महोत्सव के तहत स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इसके अलावा कुलपति ने विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, पीटी शो, तिरंगा गीत और हरियाणवी नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। करीब 200 विद्यार्थियों ने देशभक्ति आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं एनसीसी कैडेट्स ने मार्च पास्ट कर अनुशासन और देशसेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। प्राचार्य सोमा सेखरा र्समा धुलिपाला ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि प्राध्यापक सुनील दुहन ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन कनिका और स्नेहा ने किया।
उत्तराखंड: उत्तरकाशी पुलिस लाइन में धूमधाम से मना हरियाली तीज का उत्सव
हरियाणा: वंदे मातरम के कथित अनादर के विरोध में भाजपा ने निकाला कैंडल मार्च
बिहार: कटिहार में ई-सॉल्यूशन डिजिटल सर्विसेज के नए कार्यालय का हुआ शुभारंभ
हरियाणा: डा. अंबेडकर डिजिटल लाइब्रेरी में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
उत्तर प्रदेश: उद्योग व्यापार संगठन सोनभद्र ने ध्वजारोहण कर शहीदों को किया नमन