Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: नागरिकों के दिलों में स्वच्छता प्रेम जगाना है अभियान का उद्देश्य, एसडीएम राजेश खोथ

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 28/07/2026 05:08:46 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 28/07/2026 05:08:46 pm
Share:

विस्तार

हरियाणा: हांसी के गांव पुट्टी मंगल खा में मंगलवार को एसडीएम राजेश खोथ के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना विकसित करना रहा, ताकि स्वच्छता सरकारी अभियान तक सीमित न रहकर प्रत्येक नागरिक की जीवनशैली का हिस्सा बन सके। अभियान के दौरान गांव की सार्वजनिक इमारतों, गलियों, रास्तों, चौपालों, नालियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई कराई गई। लंबे समय से जमा कचरे, झाड़ियों और गंदगी को हटाने के लिए जेसीबी मशीन तथा चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का इस्तेमाल किया गया। अभियान में पांच गांवों के सरपंच, ग्राम सचिव, छह गांवों के सफाई कर्मियों और विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।

एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि नागरिकों के दिलों में स्वच्छता प्रेम जगाना ही अभियान का वास्तविक उद्देश्य है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, गली और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति सजग रहे तो गांवों और शहरों की तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है और स्वच्छता अपनाकर कई संक्रामक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और प्लास्टिक व अन्य अपशिष्ट को इधर-उधर न फेंकें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। एसडीएम ने ग्राम पंचायतों से अपने-अपने गांवों में भी नियमित रूप से जनभागीदारी आधारित स्वच्छता अभियान चलाने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक भवनों के आसपास उगी झाड़ियों को हटाया गया, नालियों की सफाई कराई गई और एकत्रित कचरे को निर्धारित स्थान पर पहुंचाकर उचित निस्तारण किया गया। एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि गांव पुट्टी मंगल खा के तालाब को वेटलैंड (आर्द्रभूमि) के रूप में विकसित एवं अधिसूचित करवाने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि तालाब के आसपास स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाए रखने से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने अभियान का स्वागत करते हुए प्रशासन को सहयोग दिया और गांव को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। एसडीएम ने कहा कि उपमंडल के अन्य गांवों में भी इस तरह के विशेष स्वच्छता अभियान लगातार चलाए जाएंगे। इस अवसर पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अशोक कुमार, पांच गांवों के सरपंच, ग्राम सचिव, सफाई कर्मी, विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
 


Featured News