Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: लुवास में संविधान दिवस पर सामूहिक प्रस्तावना वाचन, विकसित भारत के संकल्प को किया मजबूत

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 27/11/2026 10:24:01 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 27/11/2026 10:24:01 am
Share:

विस्तार

हरियाणा: लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में 26 नवंबर को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय सहित सभी विभागों, कार्यालयों, निदेशालयों और महाविद्यालयों में सुबह 9:50 बजे भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कुलपति सचिवालय में कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासनिक कर्मचारियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस दौरान सभी ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता और समानता सुनिश्चित करने के संवैधानिक संकल्प को दोहराया।

विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों, महाविद्यालयों और प्रशासनिक शाखाओं में शिक्षकों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने एक साथ प्रस्तावना का वाचन कर राष्ट्र की संप्रभुता, एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को संविधान के इतिहास, डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के योगदान से अवगत कराया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना में विकसित भारत का सपना और स्पष्ट दृष्टिकोण समाहित है। न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता लोकतंत्र के मूल स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक और वैज्ञानिक संस्थानों का दायित्व है कि वे संवैधानिक आदर्शों को अपनाते हुए ज्ञान, अनुसंधान और सामाजिक समरसता के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान दें। कार्यक्रम में विस्तार शिक्षा निदेशक एवं स्नातकोत्तर अधिष्ठाता डॉ. गौतम, छात्र कल्याण निदेशक डॉ. संदीप गुप्ता, अनुसंधान निदेशक डॉ. रजत गर्ग, पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनीश यादव, आईपीवीएस निदेशक डॉ. संजय यादव, लेखा नियंत्रक विकास खरब और कुलपति के ओएसडी डॉ. रविन्द्र सैनी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।