-
☰
हरियाणा: पुलिस ने अधिकारियों को NDPS और साइबर जांच का दिया विशेष प्रशिक्षण
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने तथा आधुनिक अपराधों की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना उकलाना में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनडीपीएस एक्ट, साइबर अपराधों की जांच, गूगल वर्कस्पेस के प्रभावी उपयोग तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा किशनभाई बनाम गुजरात राज्य में दिए गए महत्वपूर्ण निर्णय के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को एनडीपीएस मामलों की विवेचना में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रियाओं, साक्ष्य संकलन, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण, साइबर अपराधों की वैज्ञानिक जांच, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग तथा न्यायालयों द्वारा समय-समय पर दिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के व्यावहारिक महत्व के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि बदलते समय के साथ अपराध का स्वरूप भी बदल रहा है। विशेष रूप से साइबर अपराध और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की प्रभावी जांच के लिए पुलिस अधिकारियों का नवीनतम कानूनी एवं तकनीकी ज्ञान से अपडेट रहना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से हिसार पुलिस समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिस अधिकारियों की जानकारी का आकलन करने के लिए टेस्ट/क्विज़ भी आयोजित किया गया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी अध्ययन एवं प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी कार्यक्षमता निरंतर बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। एसपी हिसार ने कहा कि हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी को आधुनिक तकनीक, नवीनतम कानूनी प्रावधानों तथा न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों से पूर्णतः प्रशिक्षित करना भी है, ताकि प्रत्येक मामले की जांच निष्पक्ष, वैज्ञानिक एवं कानून सम्मत तरीके से की जा सके।