Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: ग्रामीण सड़कों को मिलेगी नई रफ्तार, हांसी में 3.5 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 22/08/2026 11:42:38 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 22/08/2026 11:42:38 am
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में विधायक विनोद भयाना ने शुक्रवार को लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत की दो विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

विस्तार

हरियाणा: हांसी विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में विधायक विनोद भयाना ने शुक्रवार को लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत की दो विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। विधायक ने गांव धमाणा से बाडया ब्राह्मण तक लगभग 3 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा निर्मित सड़क का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने ढाणी ठाकरिया से ढाणी गुजरान तक के रास्ते को इंटरलॉकिंग से पक्का करने के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस कार्य पर पंचायती राज विभाग द्वारा 27 लाख 58 हजार रुपए की राशि खर्च की जाएगी। विधायक विनोद भयाना ने बताया कि ढाणी ठाकरिया से ढाणी गुजरान तक के रास्ते की लंबाई लगभग 1800 फुट है। इस रास्ते के पक्का होने से ढाणी ठाकरिया, ढाणी गुजरान सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इसे निर्धारित समयावधि में तेजी से पूरा किया जाए।

इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सीवरेज, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ मिलता है। सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाया जा रहा है और विधानसभा क्षेत्र में जरूरत के अनुसार विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा रखी जाने वाली समस्याओं और विकास संबंधी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है तथा पात्रता एवं आवश्यकता के आधार पर उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा करवाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान गांव धमाणा, ढाणी गुजरान तथा ढाणी ठाकरिया के ग्रामीणों ने विधायक विनोद भयाना का फूल मालाएं पहनाकर जोरदार एवं शानदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र की अन्य विकास संबंधी मांगें भी उनके समक्ष रखीं। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर विनोद सैनी, सुभाष यादव, उमरा भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन, सरपंच प्रतिनिधि सुनील धमाणा, पूर्व सरपंच राजेश धमाणा, एसडीओ विजेंद्र बामल, जय सिंह फौजी, सुरेंद्र सरपंच सुरेश कुमार,दलबीर सिंह तथा विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी,  बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।