-
☰
झारखण्ड: बारिश में सड़क बनी तालाब, घरों में घुसा पानी, ग्रामीणों ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
- Photo by : social media
विस्तार
झारखण्ड: पलामू हरिहरगंज प्रखंड के खड़गपुर गांव स्थित चौधरी टोला में जर्जर सड़क बरसात के मौसम में ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भर जाने से जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर जमा पानी आसपास के घरों में घुस रहा है, जिससे कई परिवारों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई घरों में एक-एक फीट तक पानी भर गया है। इससे अनाज, बिस्तर, कपड़े और अन्य घरेलू सामान खराब हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक सड़क निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। समस्या से नाराज चौधरी टोला की दर्जनों महिलाओं ने सड़क निर्माण और जल निकासी की मांग को लेकर विरोध जताया। उनका आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद गांव की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण पूरे मोहल्ले में कीचड़ और गंदगी फैली हुई है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डायरिया, मलेरिया व त्वचा रोग जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो गया है, जबकि एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक पहुंचने में परेशानी का सामना करते हैं। कई बार मरीजों को चारपाई या कंधे पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हरिहरगंज प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
राजस्थान: हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान और उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की बड़ी तैयारी
उत्तर प्रदेश: कांवड़ यात्रा से पहले सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का हुआ व्यापक निरीक्षण
उत्तर प्रदेश: ऑनलाइन प्रमोशन के नाम पर हुई साइबर ठगी, पति-पत्नी समेत 3 मास्टरमाइंड हुआ गिरफ्तार
हरियाणा: पुलिस ने अधिकारियों को NDPS और साइबर जांच का दिया विशेष प्रशिक्षण