Contact for Advertisement 9919916171


मध्य प्रदेश: खंडवा में कांग्रेस का दीपावली मिलन समारोह, हजारों कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Radheshyam Gurjar , Date: 14/11/2026 11:15:00 am Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Radheshyam Gurjar ,
  • Date:
  • 14/11/2026 11:15:00 am
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: खंडवा लोकसभा क्षेत्र में गुरुवार को कांग्रेस की ओर से भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। होटल पैराडाइज गार्डन में आयोजित इस कार्यक्रम में लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।

विस्तार

मध्य प्रदेश: खंडवा लोकसभा क्षेत्र में गुरुवार को कांग्रेस की ओर से भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। होटल पैराडाइज गार्डन में आयोजित इस कार्यक्रम में लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव की विशेष मौजूदगी रही। कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अरुण यादव शाम करीब 4:30 बजे इंदौर रोड स्थित निमाड़ मोटर्स पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद शाम करीब 5 बजे उन्होंने दादाजी धूनीवाले के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। शाम करीब 6 बजे वे जसवाड़ी रोड स्थित होटल पैराडाइज गार्डन पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।

समारोह के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने अरुण यादव से खंडवा संसदीय क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उनकी सक्रियता से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और संगठन को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाएं उनके लिए सर्वोपरि हैं। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके लिए महत्वपूर्ण है और वे हमेशा उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत बनाने में जुटना होगा।

समारोह के जरिए कांग्रेस ने खंडवा लोकसभा क्षेत्र में संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रदर्शन किया। साथ ही आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने का संकल्प भी लिया गया।


Featured News