Contact for Advertisement 9919916171


मध्य प्रदेश: नलों में मोटर लगाकर पानी खींचने वालों पर कड़ा शिकंजा, 7 मोटर पंप किए जब्त

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Ashok Mahule , Date: 29/05/2026 11:59:12 am Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Ashok Mahule ,
  • Date:
  • 29/05/2026 11:59:12 am
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: बालाघाट नगर में गहराते जलसंकट के बीच नगरपालिका ने नलों में मोटर लगाकर अतिरिक्त पानी खींचने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

विस्तार

मध्य प्रदेश: बालाघाट नगर में गहराते जलसंकट के बीच नगरपालिका ने नलों में मोटर लगाकर अतिरिक्त पानी खींचने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। नगरपालिका के जलप्रदाय विभाग ने गुरुवार को विशेष जांच अभियान चलाकर विभिन्न वार्डों से 7 मोटर पंप जब्त किए हैं। ये मोटरें नल कनेक्शन में लगाकर पानी खींचने के लिए उपयोग की जा रही थीं, जिससे अन्य नागरिकों को पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही थी। नगर में लगातार बढ़ती गर्मी और जलस्तर में गिरावट के कारण पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है। कई वार्डों में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है, वहीं नलों से भी सीमित मात्रा में पानी मिल रहा है। ऐसे में कुछ लोगों द्वारा टिल्लू पंप लगाकर अधिक पानी खींचने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद नगरपालिका प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश उइके के निर्देश पर जलप्रदाय विभाग ने वार्ड क्रमांक 33 सहित अन्य वार्डों में छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान 7 मोटर पंप बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ पंचनामा तैयार किया गया है। नगरपालिका द्वारा इनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जाएगी। सीएमओ सूर्यप्रकाश उइके ने बताया कि नगर में लगातार मुनादी कर नागरिकों को नल कनेक्शन में मोटर पंप नहीं लगाने की समझाइश दी जा रही थी। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों का उल्लंघन कर अतिरिक्त पानी खींच रहे थे, जिससे अन्य क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान उपयंत्री ज्योति मेश्राम, जलप्रदाय शाखा प्रभारी भुवनेश्वर शिव, राजकुमार कावरे, पुनीत बिसेन, संदीप श्रीवास्तव, शंकर, मुन्ना, गोविंद, विनोद, रामप्रसाद, भीकू एवं संतोष नागेश्वर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


Featured News