-
☰
मध्य प्रदेश: स्कूली बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 9 बसों से 77 हजार रुपये जुर्माना वसूला; एक का फिटनेस निरस्त
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने गुरुवार को खंडवा एवं मूंदी क्षेत्र में स्कूल बसों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर आरटीओ श्रीमती निशा चौहान के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्कूलों की बसों का निरीक्षण कर दस्तावेजों और सुरक्षा इंतजामों की जांच की।
विस्तार
मध्य प्रदेश: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने गुरुवार को खंडवा एवं मूंदी क्षेत्र में स्कूल बसों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर आरटीओ श्रीमती निशा चौहान के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्कूलों की बसों का निरीक्षण कर दस्तावेजों और सुरक्षा इंतजामों की जांच की। कार्रवाई के दौरान कमियां पाए जाने पर 9 स्कूली बसों से कुल 77 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया, वहीं एक स्कूल बस का फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त किया गया। निरीक्षण अभियान के दौरान टीम ने स्कूल बसों के वैध बीमा, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC), अग्निशमन यंत्र, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग (VLT) डिवाइस, फर्स्ट एड बॉक्स, रेट्रो रिफ्लेक्टर टेप, ओवरलोडिंग और बकाया मोटरयान कर सहित विभिन्न बिंदुओं पर जांच की। आरटीओ श्रीमती निशा चौहान ने बताया कि चेकिंग के दौरान बेन्स पब्लिक स्कूल, रेवोत्तमा इंटरनेशनल स्कूल एवं लायंस हायर सेकेंडरी स्कूल की बसों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बसों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही बसों में लगे अग्निशमन यंत्रों को आपात स्थिति में सही तरीके से उपयोग करने की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया जा सके। जांच के दौरान जिन बसों में कमियां पाई गईं अथवा आवश्यक वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले, ऐसी कुल 9 बसों पर कार्रवाई करते हुए 77 हजार रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया। इसके अलावा निर्धारित मानकों में कमी पाए जाने पर एक स्कूल बस का फिटनेस निरस्त किया गया। परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों एवं बस चालकों को निर्देशित किया कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध एवं अद्यतन रखें तथा बसों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और नियमों का पालन कराना है।