-
☰
राजस्थान: होटल में कमरा नहीं देने पर बदमाशों का हमला, 20 लाख का नुकसान
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: कोटपूतली दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम रघुनाथपुरा स्थित होटल हाईवे प्रिंस में करीब एक दर्जन बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। कमरा देने से इनकार करने पर नाराज हुए बदमाशों ने शुक्रवार तड़के होटल पर हमला कर दिया।
विस्तार
राजस्थान: कोटपूतली दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम रघुनाथपुरा स्थित होटल हाईवे प्रिंस में करीब एक दर्जन बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। कमरा देने से इनकार करने पर नाराज हुए बदमाशों ने शुक्रवार तड़के होटल पर हमला कर दिया। इस दौरान होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और शीशे, कंप्यूटर, फर्नीचर सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ की गई। होटल प्रबंधन ने हमले में करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान होने का दावा किया है। साथ ही काउंटर से ढाई लाख रुपये नकद लूटने और पार्किंग में खड़ी ग्राहकों की पांच से छह गाड़ियों के शीशे तोड़ने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। होटल मैनेजर हनुमान सिंह की रिपोर्ट के अनुसार, 12 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे बोलेरो गाड़ी में सवार चार युवक होटल पहुंचे और कमरा मांगा। होटल स्टॉफ द्वारा पहचान पत्र मांगने पर युवक नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए होटल बंद करवाने की धमकी देने लगे। आरोप है कि उन्होंने भोजन कर रहे ग्राहकों और महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। सूचना पर पहुंची पुलिस दो युवकों को अपने साथ ले गई, जबकि दो अन्य वहां से चले गए। इसके बाद रात करीब 1:30 बजे एक अन्य गाड़ी में सवार दो युवक फिर होटल पहुंचे और होटल बंद करवाने की धमकी दी। आरोप है कि शुक्रवार तड़के करीब 4:15 बजे एक गाड़ी में सवार होकर आए करीब एक दर्जन बदमाशों ने पत्थरों और डंडों से होटल पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कर्मचारी रमेश बुनकर पर भी हमला किया, जिसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद बदमाशों ने होटल के कांच के दरवाजे, कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, कैमरे की डीवीआर मशीन, बिलिंग उपकरण और दो बड़े फ्रिज को क्षतिग्रस्त कर दिया। पार्किंग में खड़ी ग्राहकों की गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। होटल प्रबंधन का आरोप है कि जाते समय बदमाश काउंटर से करीब 2.50 लाख रुपये नकद, डीवीआर मशीन और अन्य सामान ले गए। साथ ही पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए होटल नहीं चलने देने की धमकी भी दी। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। मामले में सरूण्ड थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएचओ यशपाल सिंह ने होटल स्टॉफ से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य हमलावरों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। एसपी सतवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।