-
☰
राजस्थान: बसई ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच मनोज चौधरी ने संभाला कार्यभार, विकास का लिया संकल्प
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: बसई ग्राम पंचायत बसई में नवनिर्वाचित सरपंच मनोज चौधरी का पदभार ग्रहण समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ की धर्मपत्नी मंजू धनकड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
विस्तार
राजस्थान: बसई ग्राम पंचायत बसई में नवनिर्वाचित सरपंच मनोज चौधरी का पदभार ग्रहण समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ की धर्मपत्नी मंजू धनकड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह की शुरुआत ग्राम पंचायत कार्यालय में विधि-विधान के साथ हवन एवं पूजा-अर्चना कर की गई। इस दौरान ग्रामीणों और अतिथियों ने गांव में सुख-समृद्धि, शांति और आपसी भाईचारे की कामना करते हुए हवन में आहुतियां दीं। इसके बाद मनोज चौधरी ने विधिवत शपथ लेकर सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इनमें चिमनपुरा सरपंच पुष्कर रावत, तुलसीपुरा सरपंच अनिल चौधरी, टोरडा सरपंच धर्मेंद्र डबास, दादूका सरपंच सुनील लूनीवाल, भालोजी सरपंच देवेंद्र यादव, मोरदा सरपंच सचिन मोरोडिया, महाराजा सूरजमल छात्रावास अध्यक्ष बाबूलाल चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इनके अलावा पूर्व सरपंच, पंचायत सचिव अशोक आर्य, उपसरपंच पुष्पा देवी, वार्ड पंच और अन्य ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच मनोज चौधरी ने ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वे उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सरपंच का पद उनके लिए केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि गांव के प्रत्येक परिवार की सेवा करने का अवसर है। उन्होंने पंचायत के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, सड़क, स्वच्छता और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत के विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।