Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: टोंक में संत निरंकारी मिशन ने लगाया स्वैच्छिक रक्तदान का शिविर, 66 यूनिट हुआ रक्तदान

- Photo by : SOCIAL MEDIA

राजस्थान  Published by: Shahihurehman , Date: 17/08/2026 02:52:36 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Shahihurehman ,
  • Date:
  • 17/08/2026 02:52:36 pm
Share:

विस्तार

राजस्थान: टोंक संत निरंकारी मिशन, शाखा टोंक की ओर से रविवार, 16 अगस्त को शहर की बृज विहार कॉलोनी स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा के लिए रक्तदान किया। ब्रांच टोंक के मुखी महात्मा रमेश राजोरा ने बताया कि संत निरंकारी मिशन द्वारा रक्तदान अभियान की शुरुआत वर्ष 1986 में निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज द्वारा स्वयं रक्तदान करके की गई थी। उन्होंने मानवता का संदेश देते हुए कहा था कि रक्त नालियों में नहीं, बल्कि इंसान की नसों में बहना चाहिए।

इसी मानवता के संदेश को आगे बढ़ाते हुए सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में निरंकारी मिशन द्वारा लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मिशन के अनुसार, अब तक देशभर में 9,190 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 15 लाख से अधिक यूनिट रक्तदान किया जा चुका है। टोंक में आयोजित शिविर में कुल 66 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्त संग्रह का कार्य सआदत जिला चिकित्सालय, टोंक से पहुंची चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम ने किया। रक्तदान से पहले रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई और योग्य पाए जाने के बाद ही रक्तदान कराया गया।

इस दौरान मिशन की ओर से रक्तदान के महत्व और मानव सेवा में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में मदद मिल सकती है। आयोजन में ‘मानव को मानव हो प्यारा, एक-दूजे का बने सहारा’ के संदेश के साथ लोगों को मानवता और सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया गया। जिला चिकित्सालय से आई मेडिकल टीम ने रक्तदाताओं के उत्साह और सेवा भावना की सराहना की। रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं को अल्पाहार तथा रक्तदान के बाद भोजन की व्यवस्था की गई। साथ ही रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों ने कहा कि यह शिविर केवल रक्तदान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और निष्काम सेवा की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन रहा।