-
☰
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान के दो गांवों में हुआ बहू-बेटी सम्मेलन, घरेलू विवादों के समाधान पर दिया जोर
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत रामपुर मनिहारान पुलिस टीम की ओर से रविवार 22 नवंबर को क्षेत्र के दो गांवों में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किए गए। देवबंद रोड स्थित ग्राम जगरौली और दिल्ली रोड स्थित ग्राम कंजौली में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। थाना रामपुर मनिहारान की महिला कांस्टेबल रीतू, अर्चना, श्वेता और पुष्पा ने संयुक्त रूप से दोनों गांवों में पहुंचकर महिलाओं से संवाद किया। सम्मेलन के दौरान घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, गृह-क्लेश और पारिवारिक विवादों से उत्पन्न होने वाले आपराधिक मामलों की रोकथाम पर चर्चा की गई। पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आपसी समझ, सम्मान और सकारात्मक संवाद के माध्यम से पारिवारिक समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छोटी-छोटी बातों को विवाद का रूप देने से बचने और समय रहते बातचीत के जरिए समस्याओं को सुलझाने की अपील की गई। मिशन शक्ति अभियान प्रभारी ने महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि बहू का सम्मान ही बेटी का अभिमान है। बेटी से बहू तक का सफर सम्मान का अवसर है। उन्होंने कहा कि बहू भी किसी की बेटी है, इसलिए परिवार में महिलाओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, एंबुलेंस सेवा 108 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल हैं। पुलिस टीम ने महिलाओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में बिना डर के पुलिस की सहायता लेने की अपील की। सम्मेलन का उद्देश्य सास-बहू और बेटी के बीच संवाद बढ़ाना, पारिवारिक संबंधों को मजबूत करना और समाज में नई सोच के साथ सकारात्मक बदलाव लाना रहा।