Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: कांवड़ यात्रा से पहले सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का हुआ व्यापक निरीक्षण

- Photo by : SOCIAL MEDIA

उत्तर प्रदेश  Published by: Ghanshyam Das , Date: 17/07/2026 05:43:29 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Ghanshyam Das ,
  • Date:
  • 17/07/2026 05:43:29 pm
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सहारनपुर पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन सिंह ने गुरुवार को जिले के प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी के साथ पुलिस अधीक्षक (यातायात), क्षेत्राधिकारी बेहट और क्षेत्राधिकारी सदर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बड़कला चौकी से कस्बा छुटमलपुर तिराहा, शाकुम्भरी देवी मंदिर रोड स्थित कलसिया तिराहा, कस्बा बेहट, गंदेवड़ा तिराहा होते हुए हथिनीकुंड बैराज तक पूरे कांवड़ मार्ग का भ्रमण किया। इस दौरान सुरक्षा इंतजामों, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

एसएसपी ने मार्ग में स्थापित विभिन्न कांवड़ शिविरों, अस्थायी पुलिस चौकियों और ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा यातायात व्यवस्था को हर हाल में सुचारु बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति या सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। सहारनपुर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।