-
☰
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में जलभराव से राहत के लिए नगरायुक्त ने किया नाले का निरीक्षण
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: नवादा रोड क्षेत्र में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा किए गए नाला निर्माण कार्य का नगरायुक्त शिपू गिरि ने बृहस्पतिवार, 26 नवंबर को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाले से हो रही जलनिकासी व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद नगरायुक्त ने गौशाला का भी निरीक्षण किया और वरिष्ठ प्रभारी को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नगरायुक्त नगर निगम अधिकारियों के साथ नवादा रोड पहुंचे, जहां उन्होंने जलनिकासी के लिए निर्मित करीब 1200 मीटर लंबे नाले का जायजा लिया। मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर करने के उद्देश्य से नाले का निर्माण कराया गया है। दूसरी ओर का नाला कच्चा होने के कारण पानी की निकासी सुचारु रूप से नहीं हो पा रही है। ऐसे में पम्पों के माध्यम से उस ओर का पानी नवनिर्मित नाले में पहुंचाया जा रहा है। नगरायुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि क्षेत्रवासियों को जलनिकासी को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पम्पों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अवर अभियंता को दूसरी ओर के नाले के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त ने क्षेत्रीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि नवादा रोड को जलभराव से मुक्त करने के लिए नगर निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है और लोगों को जलनिकासी संबंधी समस्याओं का सामना नहीं करने दिया जाएगा। इस दौरान अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल तथा क्षेत्रीय पार्षद मोहर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।