-
☰
उत्तर प्रदेश: पुलिस झण्डा दिवस पर एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस ध्वज को दी सलामी
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मिर्जापुर पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव ने पुलिस अधीक्षक का स्वागत करते हुए उनकी वर्दी की बाईं जेब के ऊपर पुलिस ध्वज का प्रतीक स्टीकर लगाया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्द पर पुलिस ध्वज को सलामी दी। पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि पुलिस ध्वज पुलिस विभाग के गौरवशाली इतिहास, चरित्र और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने देश सेवा और लोक सेवा में अपने कौशल, शौर्य एवं कर्तव्य परायणता से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज सभी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और इसके फहराने से नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला राज्य पुलिस बल है, जिसे पुलिस ध्वज प्रदान किया गया। 23 नवंबर 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर और ध्वज प्रदान किया था। इसी दिन पीएसी बल को भी ध्वज प्रदान किया गया था। पुलिस ध्वज का आकार चार फीट लंबा और तीन फीट चौड़ा है। इसमें ऊपर लाल और नीचे नीला रंग है। उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में 23 नवंबर का विशेष महत्व होने के कारण प्रत्येक वर्ष इस दिन पुलिस झण्डा दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिदेशक द्वारा पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भेजे गए शुभकामना संदेश को भी साझा किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी लालगंज, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।