-
☰
उत्तर प्रदेश: स्प्लेंडर बाइक से पटाखों जैसी आवाज निकालकर फैला रहे दहशत, राहगीर परेशान
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान सहारनपुर नगर के देवबंद रोड पर कुछ बाइक सवारों द्वारा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने का मामला सामने आया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान सहारनपुर नगर के देवबंद रोड पर कुछ बाइक सवारों द्वारा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने का मामला सामने आया है। पहले जहां बुलेट बाइक से पटाखों जैसी आवाज निकालने की शिकायतें मिलती थीं, वहीं अब स्प्लेंडर बाइक सवार भी इसी तरह की हरकतें करते नजर आ रहे हैं। बाइक से निकलने वाली तेज आवाज के कारण राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में देवबंद रोड पर एक बाइक सवार बार-बार पटाखों जैसी तेज आवाज निकालते हुए गुजर रहा था। लोगों ने उसे रोककर समझाने और ऐसा नहीं करने की अपील की, लेकिन आरोप है कि युवक ने किसी की बात नहीं मानी। इतना ही नहीं, एक बुजुर्ग के साथ अभद्रता करते हुए बाइक से इसी तरह आवाज निकालने की बात कही। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रामपुर मनिहारान पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर पटाखों जैसी आवाज निकालने वाली बुलेट बाइकों के खिलाफ कार्रवाई की थी और उनके साइलेंसर भी उतरवाए थे। इसके बावजूद अब दूसरी बाइकों से भी तेज आवाज निकालकर नियमों की अनदेखी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस तरह तेज आवाज निकालने वाले बाइक सवारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि राहगीरों, बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों को अनावश्यक शोर और अभद्रता से राहत मिल सके।