-
☰
उत्तर प्रदेश: दुद्धी में खेलकूद प्रतियोगिता हुई संपन्न, बच्चों ने दिखाया अपना दमखम
- Photo by : SOCIAL MEDIA
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र दुद्धी के रामलीला मैदान में 5 नवंबर को परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, विशिष्ट अतिथि राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह, सीएचसी के डॉ. संजय कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी प्रेमशंकर राम ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी आयोजन में चार चांद लगा दिए। करमा लोकनृत्य और मां दुर्गा के स्वरूप में बालिका की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। आयोजन को सफल बनाने में खेल शिक्षक दयाशंकर, संजीव, सुनील और लोकपति वर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र चौबे, अविनाश गुप्ता और प्रीति चौरसिया ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर एआरपी उज्ज्वल मौर्य, रामसूरत, योगेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी में जुटेंगे।