Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: बदहाल सफाई व्यवस्था और अधूरे विकास कार्यों पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश

- Photo by :

उत्तर प्रदेश  Published by: Gyanendra Bahadur Singh , Date: 06/06/2026 12:01:23 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Gyanendra Bahadur Singh ,
  • Date:
  • 06/06/2026 12:01:23 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: उन्नाव विकास खंड हिलौली की ग्राम पंचायत अकोहरी में सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: उन्नाव विकास खंड हिलौली की ग्राम पंचायत अकोहरी में सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं कराई गई है, जिसके कारण नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं और कई स्थानों पर गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में नालियों के ऊपर कूड़ा डाला जा रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है, ऐसे में यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नए प्रधान के कार्यकाल में सफाई व्यवस्था लगभग ठप हो गई है तथा सफाई कर्मचारी नियमित रूप से गांव में नहीं आते।

ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कुछ ऐसे लोगों को योजना का लाभ दिया गया है जिनके पास पहले से पक्के मकान मौजूद हैं, जबकि कई पात्र और जरूरतमंद परिवार आज भी कच्चे व जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने योजना की निष्पक्ष जांच कर पात्र लोगों को लाभ दिलाने की मांग की है। इसके अलावा मर्दनपुर क्षेत्र में अधूरे सड़क निर्माण को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारी जमीनी स्तर पर निरीक्षण करने के बजाय कार्यालयों में बैठकर कार्यों का निस्तारण कर रहे हैं।

चतुरीखेड़ा निवासी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन बाद में गांव की समस्याओं की अनदेखी की जाती है। ग्रामीण आशीष कुमार, प्रदीप बाजपेयी, संदीप बाजपेयी, बाबूलाल वर्मा, मुन्ना वर्मा, दुर्गा यादव, होरीलाल पाल सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से गांव की समस्याओं की जांच कराकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ दिलाने और अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।


Featured News