Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं, त्वरित कार्रवाई के निर्देश हुए जारी

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 25/05/2026 05:24:36 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 25/05/2026 05:24:36 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) लक्षित सरीन ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विस्तार

हरियाणा: जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) लक्षित सरीन ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, बीडीपीओ अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। एडीसी लक्षित सरीन ने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक मामले को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निपटाया जाए।

शिविर के दौरान ढाणी कुतुबपुर के ग्रामीणों ने गांव में लगे बिजली ट्रांसफार्मर के ओवरलोड होने की समस्या एडीसी के समक्ष रखी। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एडीसी ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि पुराने ट्रांसफार्मर को हटाकर उच्च क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके और गर्मी के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा कई नागरिकों ने विभिन्न समस्याएं भी रखीं। धर्मेंद्र की नीलम ने परिवार पहचान पत्र में आय सुधार की मांग की, जबकि सतीश (पुत्र रामदिता, रामपुरा मोहल्ला, हांसी) ने बुढ़ापा पेंशन बनवाने का अनुरोध किया। पवन ने इंतकाल तसदीक करवाने, जयवीर (पुत्र फूल सिंह, खानपुर) ने बिजली मीटर लगवाने तथा सुनील (पुत्र जगदीश चंद्र, गांव जमावड़ी) ने पेयजल आपूर्ति दुरुस्त कराने की मांग रखी। इसके साथ ही अजमेर खेड़ी जालब गांव में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और अशोक (ढाना खुर्द) ने परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने का आवेदन प्रस्तुत किया।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित मामलों को भी शिविर में प्राथमिकता के आधार पर सुना गया। कुल सात नागरिकों ने अपनी पेंशन के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र आवेदकों की जांच कर शीघ्र पेंशन स्वीकृत की जाए और लाभार्थियों को इसकी सूचना समय पर दी जाए। सुल्तानपुर गांव के नागरिकों ने बरसाती पानी की निकासी की समस्या भी रखी। इस पर एडीसी ने संबंधित विभाग को मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि ग्रामीणों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

एडीसी लक्षित सरीन ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का रिकॉर्ड रखा जाए और उसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का समाधान तय समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नागरिकों को राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और कई मामलों का मौके पर ही संज्ञान लिया गया।