-
☰
झारखण्ड: किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने निकले डिजिटल कृषि जागरूकता रथ
- Photo by : social media
संक्षेप
झारखण्ड: मेदिनीनगर पलामू किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक खेती और सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से पलामू जिला प्रशासन ने एक नई पहल की है।
विस्तार
झारखण्ड: मेदिनीनगर पलामू किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक खेती और सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से पलामू जिला प्रशासन ने एक नई पहल की है। इसी कड़ी में मंगलवार को पलामू समाहरणालय परिसर से उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जिले के तीनों अनुमंडलों के लिए डिजिटल कृषि जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह विशेष अभियान आगामी 15 दिनों तक जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में संचालित किया जाएगा। इस दौरान डिजिटल रथ गांव-गांव पहुंचकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक खेती, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, सिंचाई के आधुनिक तरीकों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। उपायुक्त ने कहा कि आज के समय में कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाना बेहद आवश्यक है। आधुनिक कृषि पद्धतियों के उपयोग से न केवल उत्पादन बढ़ाया जा सकता है, बल्कि किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं से जुड़कर अपनी खेती को अधिक लाभकारी बनाएं।
पंचायत स्तर पर होगी किसान संगोष्ठी अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत में किसान संगोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में कृषि वैज्ञानिक एवं विभागीय विशेषज्ञ किसानों से सीधे संवाद करेंगे तथा उन्हें वैज्ञानिक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती के साथ-साथ पशुपालन, डेयरी, बकरी पालन, मुर्गी पालन और मत्स्य पालन जैसी आयवर्धक गतिविधियों की जानकारी देंगे। विशेषज्ञ किसानों की समस्याओं का समाधान भी करेंगे और उन्हें मौसम के अनुरूप खेती, रोग एवं कीट प्रबंधन तथा फसल उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपायों से अवगत कराएंगे। डिजिटल कृषि जागरूकता रथों के माध्यम से किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदान, कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी, बीज वितरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित अन्य लाभकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। जिला प्रशासन का मानना है कि यह अभियान किसानों को आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।