Contact for Advertisement 9919916171


झारखंड: पैसे के विवाद में दोस्त ने ही की अपने ही दोस्त की हत्या, 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

- Photo by : social media

झारखंड  Published by: Arun Kumar Ravi , Date: 30/05/2026 05:48:14 pm Share:
  • झारखंड
  • Published by: Arun Kumar Ravi ,
  • Date:
  • 30/05/2026 05:48:14 pm
Share:

संक्षेप

झारखंड: छतरपुर थाना क्षेत्र के चिल्हो खुर्द गांव में हुए बहुचर्चित उदय सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।

विस्तार

झारखंड: छतरपुर थाना क्षेत्र के चिल्हो खुर्द गांव में हुए बहुचर्चित उदय सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि मृतक का करीबी दोस्त और पारा शिक्षक सुरेंद्र यादव ही उसका हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र यादव (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि मृतक उदय सिंह (50 वर्ष) और आरोपी दोनों पारा शिक्षक थे और लंबे समय से अच्छे दोस्त थे। इसी दोस्ती के चलते करीब छह महीने पहले आरोपी ने उदय सिंह से 25 हजार रुपये उधार लिए थे, जो ब्याज सहित बढ़कर लगभग 50 हजार रुपये हो गए थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, घटना से करीब एक सप्ताह पहले पैसे की मांग को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसमें हाथापाई और अपमान की स्थिति भी बनी थी। इसी अपमान को आरोपी ने दिल में रख लिया और बदले की भावना में हत्या की योजना बना डाली। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से उदय सिंह को अपने जाल में फंसाया और मौका मिलते ही धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद वह सामान्य जीवन जीने की कोशिश करता रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के आगे उसकी चाल ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।

पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल कपड़े और अपाचे मोटरसाइकिल (JH 03AW 5683) बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है, जहां पैसों के विवाद ने वर्षों पुरानी दोस्ती को दर्दनाक हत्या में बदल दिया।