Contact for Advertisement 9919916171


मध्य प्रदेश: जनजातीय पर्यटन परियोजना से गांवों को मिल रही नई पहचान और रोजगार के नए अवसर

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Ashok Mahule , Date: 30/05/2026 03:25:33 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Ashok Mahule ,
  • Date:
  • 30/05/2026 03:25:33 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: बालाघाट जिले की ग्राम पंचायत टेकाड़ी अंतर्गत ग्राम केरा एवं पीपरटोला इन दिनों जनजातीय पर्यटन की अनूठी पहचान बनकर उभर रहे हैं।

विस्तार

मध्य प्रदेश: बालाघाट जिले की ग्राम पंचायत टेकाड़ी अंतर्गत ग्राम केरा एवं पीपरटोला इन दिनों जनजातीय पर्यटन की अनूठी पहचान बनकर उभर रहे हैं। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड भोपाल के मार्गदर्शन में संचालित जनजातीय पर्यटन परियोजना के तहत यहां दो दिवसीय अध्ययन भ्रमण एवं एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के अमरावती, भंडारा, यवतमाल एवं अहल्यानगर जिलों से आए 31 हितग्राहियों एवं शबरी आदिवासी वित्त विकास महामंडल नासिक के पदाधिकारियों ने भाग लिया। ग्राम पर्यटन समितियों द्वारा आगंतुकों का पारंपरिक तरीके से पुष्पमाला एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। ग्रामीण परिवेश, प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से भरपूर इस आयोजन ने मेहमानों को विशेष रूप से आकर्षित किया। ग्राम केरा एवं पीपरटोला में स्थापित 08 होम-स्टे में मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था की गई, जिससे स्थानीय होम-स्टे संचालकों एवं ग्राम समितियों को आर्थिक लाभ भी प्राप्त हुआ।

अध्ययन भ्रमण के दौरान आगंतुकों को जनजातीय संस्कृति एवं ग्रामीण जीवनशैली से रू-ब-रू कराया गया। लोक नृत्य, भजन मंडली, नौका विहार, जंगल ट्रैकिंग, बैलगाड़ी सवारी तथा स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मेहमानों का मन मोह लिया। सुबह 5 बजे आयोजित जंगल एवं जलाशय ट्रैकिंग के दौरान आगंतुकों ने प्राकृतिक वातावरण का आनंद लिया और सातनारी वॉटरफॉल की मनमोहक छटा को करीब से देखा। परियोजना के माध्यम से ग्रामीणों को स्वरोजगार एवं पर्यटन आधारित आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं। स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर को पर्यटन से जोड़ने की यह पहल गांवों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की जनजातीय पर्यटन परियोजना अधिकारी सरिता टोप्पो, परियोजना सहयोगी संस्था अनुपमा एजुकेशन सोसायटी के डायरेक्टर प्रमोद तिवारी, जिला पुरातत्व एवं पर्यटन समिति के नोडल अधिकारी विकास रघुवंशी, ग्राम पंचायत टेकाड़ी की सरपंच रश्मि तारा कावरे, ग्राम पर्यटन समिति पीपरटोला-टेकाड़ी के अध्यक्ष राजेन्द्र सोनी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से मेहमानों को बालाघाट की जनजातीय संस्कृति और आतिथ्य का यादगार अनुभव प्राप्त हुआ।