-
☰
MP Crime News: शादी में बाउंसर-हथियार के साथ पहुंचा रिश्तेदार, मामला पहुंचा थाने
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: ग्वालियर में एक शादी समारोह उस समय विवाद का कारण बन गया जब एक रिश्तेदार हथियारों और बाउंसरों के साथ शादी में पहुंच गया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: ग्वालियर में एक शादी समारोह उस समय विवाद का कारण बन गया जब एक रिश्तेदार हथियारों और बाउंसरों के साथ शादी में पहुंच गया। यह दिखावा उसे भारी पड़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। 25 वर्षीय डॉक्टर जीशान खान की शादी 24 अप्रैल को एक रिसॉर्ट में हो रही थी। समारोह खुशी-खुशी चल रहा था, लेकिन तभी मुंबई से आए उनके रिश्तेदार साजिद शेख अपने साथ गनमैन और कई बाउंसर लेकर वहां पहुंच गए। शादी में हथियारबंद सुरक्षा और बाउंसरों को देखकर मेहमानों में दहशत और असहजता का माहौल बन गया। दूल्हे ने जताई आपत्ति दूल्हे डॉक्टर जीशान ने साजिद से कहा कि वह अपने गनमैन और बाउंसरों को बाहर भेज दे, क्योंकि शादी जैसे निजी कार्यक्रम में इस तरह का प्रदर्शन उचित नहीं है। लेकिन साजिद ने इसे अपनी बेइज्जती मान लिया और नाराज होकर वहां से चला गया। इसके बाद मामला और बढ़ गया। मुंबई लौटकर साजिद ने सोशल मीडिया पर डॉक्टर और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। 27 अप्रैल की रात परिवार को उसका एक वीडियो भी मिला, जिसमें वह अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। जब परिवार ने उसे रोकने के लिए संपर्क किया, तो उसने जान से मारने की धमकी दे दी। घटना के बाद डॉक्टर जीशान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने साजिद शेख के खिलाफ धमकी देने, अभद्र व्यवहार और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शादी जैसे निजी आयोजनों में हथियारों के साथ प्रवेश करना कानून का उल्लंघन है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।