-
☰
राजस्थान: दीपावली पर CMHO डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने जारी की हेल्थ गाइडलाइन
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: दीपावली के त्योहार पर जिलेवासियों को बीमारियों और दुर्घटनाओं से बचाने के लिए कोटपूतली-बहरोड़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने विशेष स्वास्थ्य गाइडलाइन जारी की है।
विस्तार
राजस्थान: दीपावली के त्योहार पर जिलेवासियों को बीमारियों और दुर्घटनाओं से बचाने के लिए कोटपूतली-बहरोड़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने विशेष स्वास्थ्य गाइडलाइन जारी की है। उन्होंने आमजन से दीपावली का त्योहार मनाते समय अपनी और परिवार की सेहत का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को त्योहार के दौरान 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। डॉ. शेखावत ने कहा कि दीपावली का पर्व केवल आतिशबाजी और पकवानों तक सीमित नहीं है, बल्कि इस दौरान परिवार और समाज की सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने लोगों को कम प्रदूषण वाले ग्रीन पटाखों का ही उपयोग करने और बच्चों को बड़ों की निगरानी में पटाखे जलाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पटाखों से निकलने वाला धुआं सांस और अस्थमा के मरीजों के लिए परेशानी पैदा कर सकता है, इसलिए ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। पटाखों से होने वाली जलने की घटनाओं से बचाव के लिए उन्होंने आतिशबाजी के स्थान पर पानी की बाल्टी और कंबल रखने की सलाह दी। किसी भी व्यक्ति के जलने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने की अपील की। इसके अलावा बीपी, शुगर और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को नियमित दवाइयां समय पर लेने तथा मिठाइयों का सेवन सीमित मात्रा में करने की हिदायत दी। सीएमएचओ ने बताया कि दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां की गई हैं। अस्पतालों में बर्न वार्ड और आपातकालीन दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया गया है। इसके साथ ही डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार का वास्तविक आनंद तभी है, जब परिवार और समाज स्वस्थ रहें। उन्होंने लोगों से दीयों की रोशनी के साथ अच्छी सेहत का संकल्प लेने और सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चौबीसों घंटे तत्पर रहेगा।