-
☰
उत्तर प्रदेश: मेगा शिविर में 227 पात्रों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ, जिला जज ने किया शुभारंभ
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र के तत्वावधान में रविवार को विकास भवन स्थित जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर में बहुउद्देशीय मेगा शिविर का आयोजन किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र के तत्वावधान में रविवार को विकास भवन स्थित जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर में बहुउद्देशीय मेगा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राम सुलीन सिंह ने किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए चिह्नित 227 पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, रॉबर्ट्सगंज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश राम सुलीन सिंह ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने और आमजन को उनके अधिकारों एवं योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस मेगा शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया गया। शिविर में विभिन्न प्रशासनिक विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। जनपद न्यायाधीश सहित अन्य अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी पंकज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव राहुल, अपर जिलाधिकारी रमेश चन्द्र, मुख्य चिकित्साधिकारी रमेश कुमार मिश्र तथा एलडीएम सलन बागे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सत्यारमण त्रिपाठी ने किया। शिविर में एलएडीसीएस अधिवक्ताओं, मध्यस्थ अधिवक्ताओं, पराविधिक स्वयंसेवकों एवं अधिकार मित्रों के साथ लगभग 895 लोगों ने सहभागिता की। अंत में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उपस्थित आमजन और लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव राहुल ने दी।