Contact for Advertisement 9919916171


 उत्तर प्रदेश: पंजाब से मेरठ के रास्ते हथियार तस्करी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 7 अवैध हथियार बरामद

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Gourav Kumar , Date: 19/08/2026 01:59:31 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Gourav Kumar ,
  • Date:
  • 19/08/2026 01:59:31 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: शामली थाना झिंझाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब से मेरठ के रास्ते हथियारों की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: शामली थाना झिंझाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब से मेरठ के रास्ते हथियारों की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इस संबंध में विश्वसनीय सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने इलाके में प्रभावी नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने पंजाब नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर उसमें सवार जनपद लुधियाना, पंजाब निवासी विनय और राजेश को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 3 देशी तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए। इसके अलावा 3 मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद हुई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का संबंध गंजा गैंग से सामने आया है। इस गैंग के संचालन में बाऊ नामक व्यक्ति की संलिप्तता की जानकारी मिली है, जो वर्तमान में जेल में बंद है। पुलिस को आशंका है कि गैंग द्वारा अवैध हथियारों के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी भी की जाती है। फिलहाल पुलिस टीम हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। मेरठ से हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों और गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए थाना झिंझाना पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और गैंग से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस टीम के इस उत्कृष्ट कार्य के लिए ₹25,000 के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।