-
☰
गुजरात: झज्जर के राजकीय विद्यालय लकड़िया में 11वीं के विद्यार्थियों को दिया करियर मार्गदर्शन, विषय चयन को लेकर किया जागरूक
- Photo by : social media
विस्तार
गुजरात: झज्जर जिले के राजकीय विद्यालय लकड़िया में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन एवं ओरिएंटेशन सत्र का आयोजन किया गया। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विषय चयन, उच्च शिक्षा और भविष्य में करियर बनाने को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम लुवास के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्रीय निदेशक डॉ. संजय यादव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान विशेषज्ञ डॉ. अमित पूनिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा 11वीं उनके शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। विद्यार्थियों को किसी के दबाव या दूसरों की देखा-देखी में विषय चुनने के बजाय अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य के लक्ष्य को ध्यान में रखकर निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पारंपरिक और आधुनिक शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार, उच्च शिक्षा और तकनीकी अवसरों के बारे में जानकारी दी। साथ ही स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सही उपयोग करने, निरंतर मेहनत करने और आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। डॉ. अमित पूनिया ने कहा कि कक्षा 11वीं केवल अगली कक्षा में जाने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानकर पूरे समर्पण के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती अनीता और विज्ञान अध्यापिका श्रीमती ज्योति भी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने वाले इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे उनके करियर निर्माण के लिए उपयोगी पहल बताया।