-
☰
छत्तीसगढ़: पुनर्वास सुविधाओं की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे भू-विस्थापित, मकान किराया, मुआवजा और रोजगार की उठाई मांग
- Photo by : social media
विस्तार
छत्तीसगढ़: कोरबा में एसईसीएल की कुसमुंडा परियोजना से प्रभावित ग्राम चंद्रनगर (जटराज) के भू-विस्थापित ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने छह अलग-अलग पुनर्वास स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, मुआवजे से जुड़ी समस्याओं का समाधान, रोजगार और मकान निर्माण में सहयोग देने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की जमीन का अधिग्रहण अलग-अलग चरणों में वर्ष 1978-79, 1982-83, 1984-85 और अंतिम चरण में 2009-10 के दौरान किया गया था। उनका आरोप है कि लंबे समय तक पुनर्वास की पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने के बावजूद 20 सितंबर 2026 से विस्थापन की प्रक्रिया जल्दबाजी में पूरी की गई और महज तीन दिनों में उन्हें बिना पर्याप्त इंतजामों के हटा दिया गया। ग्रामीणों को सोनपुरी खदान, 14 नंबर डंपिंग, 6 नंबर डंपिंग, सर्वमंगला नगर, वैशाली नगर और खम्हरिया नदी के किनारे बसाया गया है। विस्थापितों का कहना है कि अलग-अलग स्थानों पर बसाए जाने से उनकी सामाजिक एकता, संस्कृति, त्योहारों और बच्चों की शिक्षा पर असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पुनर्वास स्थलों पर सड़क, बिजली, नाली, शौचालय, मंदिर, खेल मैदान, चारागाह और स्वास्थ्य केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। वहीं, वैशाली नगर में जमीन का स्तर नीचा होने और भूजल भराव की समस्या के कारण मकान निर्माण में भी परेशानी आ रही है। भू-विस्थापितों ने मांग की है कि जब तक उनके मकान नहीं बन जाते, तब तक उन्हें किराया दिया जाए। इसके अलावा मिट्टी भराई के लिए जेसीबी और ट्रैक्टर उपलब्ध कराने, शेष परिवारों को सोलिशियम राशि देने, 60 प्रतिशत मुआवजा कटौती से जुड़ी समस्या का समाधान करने और प्रभावित परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों ने सभी भू-स्वामी और भूमिहीन विस्थापितों को आरएलआर का लाभ देने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि तूफान में झोपड़ियां टूटने और तिरपाल से पानी टपकने के कारण परिवारों को असुरक्षित परिस्थितियों में रहना पड़ रहा है। भू-विस्थापित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए और पुनर्वास स्थलों पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रभावित परिवार सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सकें।