-
☰
गुजरात: हाईटेंशन लाइन को लेकर गुजरात में किसानों का आंदोलन हुआ तेज
- Photo by : social media
विस्तार
गुजरात: हाईटेंशन विद्युत पोल और ट्रांसमिशन लाइनों के मुद्दे पर गुजरात में किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मोरबी जिले का जेतपर गांव आंदोलन का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों किसान पहुंचकर समर्थन दे रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि उनकी लिखित सहमति के बिना कृषि भूमि पर हाईटेंशन पोल और बिजली लाइनें बिछाई जा रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा, प्रत्येक विद्युत पोल के लिए वार्षिक अथवा निर्धारित किराया तथा फसल, पशुहानि और दुर्घटनाओं की स्थिति में भी मुआवजा दिया जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि अंतिम निर्णय होने तक नए हाईटेंशन पोल और ट्रांसमिशन लाइन बिछाने का कार्य तत्काल रोका जाए। आंदोलन को विभिन्न किसान संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, महिला किसानों, अधिवक्ताओं, सरपंचों, उद्योगपतियों तथा न्याय एवं अधिकार समिति (Justice and Rights Committee India) सहित कई संगठनों का समर्थन मिल रहा है। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह विरोध निजी कंपनियों की कथित कार्यप्रणाली के खिलाफ है और सरकार को किसानों के हित में मध्यस्थता कर समाधान निकालना चाहिए। इस बीच आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने भी अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों के समर्थन की बात कही है। न्याय एवं अधिकार समिति के प्रदेश अध्यक्ष परसोतमभाई नाथाभाई मुंगरा (पटेल) ने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की जाएगी। वहीं, इस संबंध में संबंधित कंपनियों या राज्य सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
उत्तर प्रदेश: एथेनॉल प्लांट विवाद पर कंपनी का जवाब, अफवाहों का किया खंडन
हरियाणा: 10 जुलाई तक हर हाल में पूरा होगा डिजिटाइजेशन, एसडीएम ने दिए सख्त निर्देश
हरियाणा: एसआईआर अभियान में उत्कृष्ट कार्य पर बीएलओ रामफल हुए सम्मानित
राजस्थान: करंट लगने से किसान की मौत पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, जांच जारी