-
☰
हरियाणा: एसआईआर अभियान में उत्कृष्ट कार्य पर बीएलओ रामफल हुए सम्मानित
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हांसी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर हांसी विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-14 के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) रामफल को एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी राजेश खोथ ने प्रशंसा पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। रामफल राजकीय विद्यालय बीड़ फार्म में जेबीटी अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का 98 प्रतिशत कार्य सबसे तेज गति से पूरा करने पर यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसकी सफलता बूथ लेवल अधिकारियों की मेहनत और समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि रामफल ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसे कर्मचारियों को सम्मानित करने से अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का भी मनोबल बढ़ता है। सम्मान प्राप्त करने के बाद बीएलओ रामफल ने बताया कि उन्होंने अभियान के दौरान प्रतिदिन 12 से 14 घंटे तक लगातार कार्य किया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने सुपरवाइजर सुरेश कुमार और सहयोगी कर्मचारियों को देते हुए कहा कि ईमानदारी, मेहनत और टीमवर्क से किसी भी लक्ष्य को समय पर हासिल किया जा सकता है। एसडीएम राजेश खोथ ने सभी बीएलओ से इसी प्रकार समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने घोषणा की कि अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य बीएलओ और सुपरवाइजरों को भी प्रशंसा पत्र के साथ 501 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर चुनाव कानूनगो मुकेश बंसल सहित चुनाव शाखा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।