-
☰
हरियाणा: घिराय गांव में डीसी राहुल नरवाल ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, 50 शिकायतों पर हुई सुनवाई
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हांसी जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार पर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित रात्रि ठहराव एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत उपायुक्त राहुल नरवाल ने गांव घिराय में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने शहीद महावीर सिंह राजकीय उच्च विद्यालय में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 50 शिकायतें एवं समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। डीसी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी ली और कई मामलों का तत्काल समाधान करवाया। शेष शिकायतों के लिए अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने रिहायशी क्षेत्रों और खेतों में बरसाती पानी जमा होने की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ड्रेन की तत्काल मशीन से सफाई करवाने और पानी की निर्बाध निकासी के लिए आवश्यक स्थानों पर स्थायी बिजली कनेक्शन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी से जुड़े कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया की प्रभावी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व और सम्मान के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस पर घरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, एसडीएम राजेश खोथ, सीटीएम हिमांशु चौहान, डीएसपी विनोद शंकर, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, सिविल सर्जन डॉ. राहुल बुद्धिराजा, डीईईओ विनोद श्योराण, सीएमजीजी ए. प्रतीक्षा सांगवान, बीडीपीओ अशोक मेहरा, ग्राम सचिव रवीना, सरपंच कविता, प्रतिनिधि संदीप पहलवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।