-
☰
हरियाणा: पैलेडियम स्कूल में हिसार पुलिस ने विद्यार्थियों को सिखाए साइबर सुरक्षा और बाल संरक्षण के गुर
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हिसार में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाने और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए हिसार पुलिस ने पैलेडियम स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर ठगी से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की मदद लेने के तरीके बताए। 23 नवंबर को पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस कार्यक्रम में कम्युनिटी पुलिसिंग टीम, साइबर अवेयरनेस टीम और महिला समर्पित टीम ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपना पासवर्ड, ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने ट्रिप मॉनिटरिंग के महत्व को समझाते हुए कहा कि यात्रा के दौरान अपने परिवार के सदस्यों को यात्रा की जानकारी जरूर दें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय पुलिस और उपलब्ध सहायता सेवाओं से संपर्क करें। वहीं, महिला समर्पित टीम ने विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया और बताया गया कि किसी भी असहज या संदिग्ध स्थिति में बिना डरे अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें। कार्यक्रम में स्कूल की प्रिंसिपल और अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधन ने हिसार पुलिस की इस पहल की सराहना की। हिसार पुलिस ने संदेश दिया कि साइबर अपराधों से बचाव और बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से पुलिस द्वारा विद्यार्थियों और आमजन को लगातार जागरूक किया जा रहा है।