-
☰
हरियाणा: हिसार के सेक्टर-13 मार्केट में हुड़दंग रोकने के लिए SWAT कमांडो तैनात, दिन-रात हो रही गश्त
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हिसार सेक्टर-13 मार्केट में गाड़ियों के अंदर शराब पीकर हुड़दंग करने और सार्वजनिक शांति भंग करने की शिकायतों पर हिसार पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मार्केट में SWAT कमांडो टीम तैनात कर दी है। पुलिस के अनुसार, मार्केट में दिन और शाम के समय लगातार गश्त की जा रही है। SWAT कमांडो टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही है, ताकि शराब पीकर हुड़दंग करने, लोगों को परेशान करने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। पुलिस की निगरानी मार्केट में आने वाले दुकानदारों, ग्राहकों और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से बढ़ाई गई है। पुलिस अधीक्षक हिसार ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करना, शांति व्यवस्था बिगाड़ना और आम नागरिकों को परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर-13 मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की गश्त और चेकिंग लगातार जारी रहेगी। हिसार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने संदेश दिया कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।