-
☰
मध्य प्रदेश: शराब दुकान में चोरी की कोशिश हुई नाकाम, पिस्टल सहित आरोपी हुआ गिरफ्तार
- Photo by : social media
विस्तार
मध्य प्रदेश: थाना मूंदी क्षेत्र में स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से देशी पिस्टल, टीन काटने वाली कटर और आरी पत्ता बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक खंडवा अगम जैन द्वारा गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर एवं एसडीओपी मूंदी मनोहर सिंह गवली के मार्गदर्शन में थाना मूंदी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप पिता गोपाल सिंह भीलाला, उम्र 22 वर्ष, निवासी जुलवानिया थाना धनगांव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, फरियादी अभिषेक पिता दिनेश सिंह ठाकुर, निवासी मूंदी ने 30 जून 2026 को थाना मूंदी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात करीब 1:15 बजे शराब दुकान के आसपास कुछ लोगों की धीमी आवाज में बातचीत सुनाई दी। संदेह होने पर दुकान पर कार्यरत नवीन जांगरे, अजय शर्मा और विनय शर्मा पीछे के दरवाजे से बाहर निकले। बाहर जाकर देखा तो तीन व्यक्ति दुकान की टीन काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। दुकान कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान दो आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से टीन काटने वाली कटर, आरी पत्ता और एक देशी पिस्टल बरामद हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना मूंदी में अपराध क्रमांक 257/26 के तहत धारा 331(4), 62 बीएनएस एवं 25(1)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय पुनासा में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक उमेश कुमार लाखरे, सहायक उप निरीक्षक पुनमचंद पाटिल, प्रधान आरक्षक मोहन सिंह मुवेल, आरक्षक राहुल धाकड़ और संतोष चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।