-
☰
महाराष्ट्र: सेवानिवृत्ति से पहले शिक्षक प्रमोद ढोटे ने पेश की मिसाल, अपनी जेब से खर्च कर संवारा छात्र का भविष्य
- Photo by : social media
संक्षेप
महाराष्ट्र: सातेगांव शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को पढ़ाना ही नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं को समझकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सहयोग करना भी है।
विस्तार
महाराष्ट्र: सातेगांव शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को पढ़ाना ही नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं को समझकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सहयोग करना भी है। इसी भावना का उदाहरण महाराष्ट्र के सातेगांव स्थित जे.डी. पाटील हाईस्कूल के शिक्षक प्रमोद ढोटे ने पेश किया है। सेवानिवृत्ति से महज तीन महीने पहले विद्यालय का कार्यभार संभालने वाले प्रमोद ढोटे ने एक छात्र की शैक्षणिक समस्या को गंभीरता से लेते हुए अपने निजी खर्च पर उसकी दसवीं और बारहवीं की मार्कशीट में नाम संबंधी त्रुटि ठीक करवाई। जानकारी के अनुसार, विद्यालय का कार्यभार संभालते समय प्रमोद ढोटे ने तीन महीने के भीतर दसवीं और बारहवीं की मार्कशीट में नाम की गलतियों को सुधारने का प्रयास करने का आश्वासन दिया था। इसी दौरान उन्हें जाफर खान नाम के एक छात्र की मार्कशीट में नाम संबंधी गंभीर त्रुटि की जानकारी मिली। इस गलती के कारण छात्र को आगे की पढ़ाई में परेशानी आने की आशंका थी। मामले की गंभीरता को समझते हुए शिक्षक ने इसे प्राथमिकता दी। प्रमोद ढोटे ने जाफर खान की शैक्षणिक दस्तावेजों में सुधार करवाने के लिए आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कराईं। इसके लिए उन्होंने अपनी जेब से पैसे भी खर्च किए। लगातार प्रयासों के बाद छात्र की मार्कशीट में नाम की त्रुटि ठीक हो गई और उसे संशोधित दस्तावेज मिल गए। इससे जाफर खान के आगे की पढ़ाई का रास्ता आसान हो गया। मार्कशीट में सुधार होने के बाद शिक्षक प्रमोद ढोटे ने छात्र को अपने पास बुलाकर उससे बातचीत की और उच्च शिक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। सेवानिवृत्ति के बेहद करीब होने के बावजूद छात्र के भविष्य के लिए शिक्षक द्वारा किया गया यह प्रयास क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उनके समर्पण, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसे शिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके कार्यों का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया जाना चाहिए।
Murder News: दोस्ती को लेकर JNU में हुई खूनी झड़प, छात्र की एक आंख की गई रोशनी
Delhi AQI Today: दिवाली के बाद दिल्ली की हवा हुई जहरीली, रोहिणी से जहांगीरपुरी तक प्रदूषण का कहर
उत्तर प्रदेश: मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, खोया और कराची हलवा के नमूने लिए
उत्तर प्रदेश: मंडल स्तरीय दिव्य दीपावली मेले का शुभारंभ, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने किया उद्घाटन