-
☰
राजस्थान: बनेठा में तिरंगा रैली से गूंजा उप तहसील मुख्यालय, देशभक्ति के रंग में रंगा दिखा बाजार
- Photo by : social media
विस्तार
राजस्थान: हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को ककोड़ देहात मंडल के तत्वावधान में बनेठा में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर ने तिरंगा लहराकर किया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारों से पूरा उप तहसील मुख्यालय गूंज उठा। पुलिस थाने के पास चौराहे से शुरू हुई तिरंगा रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में युवा, आम नागरिक और देशप्रेमी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और देश के वीर शहीदों को याद किया। रैली मुख्य बाजार और बस स्टैंड होते हुए आगे बढ़ी। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने रैली का स्वागत किया। बाजार में बुलडोजर से पुष्प वर्षा कर रैली में शामिल लोगों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विधायक राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि देश के वीर शहीदों के बलिदान की बदौलत आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। आजादी के 80 वर्ष पूरे होना प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और आमजन से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा मातृभूमि के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को याद करने की अपील की। रैली का समापन ईसरदा डैम रोड स्थित रॉयल्टी चौराहे पर हुआ। समापन के दौरान कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रैली में देवली के निवर्तमान प्रधान बनवारी लाल जाट, कर्नल मुकुट बिहारी जांगिड़, ककोड़ मंडल अध्यक्ष महावीर गुर्जर, महावीर पालीवाल, लक्ष्मीनारायण मीणा, निवर्तमान पंचायत समिति सदस्य प्रकाश जाट, प्रशासक रामबिलास गुर्जर, मौसमी मीणा, महामंत्री रामकिशोर गुर्जर, रामप्रसाद सैनी, धनपाल गुर्जर, रामसिंह चौधरी, मेघराज जाट सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता, आमजन और देशप्रेमी मौजूद रहे।