-
☰
राजस्थान: राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मनाया गया डॉक्टर्स डे, माला पहनाकर डॉक्टरों का किया सम्मान
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेतरावा में बुधवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अस्पताल स्टाफ द्वारा डॉक्टरों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर और केक काटकर सम्मान किया गया।
विस्तार
राजस्थान: राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेतरावा में बुधवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अस्पताल स्टाफ द्वारा डॉक्टरों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर और केक काटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में उपस्थित अस्पताल कर्मियों ने डॉक्टरों की सेवाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कंप्यूटर ऑपरेटर रतनसिंह राठौड़ ने बताया कि भारत में प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। यह दिवस डॉक्टरों की निस्वार्थ सेवा, समर्पण और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर दिन-रात मरीजों की सेवा में लगे रहते हैं और कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में समाज के लिए उनके योगदान को सम्मानित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टर्स डे का उद्देश्य चिकित्सकों के लिए बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की ओर भी ध्यान आकर्षित करना है। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया। समारोह में डॉक्टरों का साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया और केक काटकर खुशी जाहिर की गई। इस अवसर पर देचू बीसीएमओ डॉ. मांगीलाल सोनी, डॉ. पवन बारोलिया, चिकित्सा प्रभारी डॉ. योगेंद्र सिंह, डॉ. कवरलाल, डॉ. सुनिता चौधरी सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। साथ ही नर्सिंग ऑफिसर भगवानाराम, कांता यादव, जगदीश सिंह, जितेंद्र सिंह, रामबाबू, सुरता, दीपक, संतोष, जसवंत सिंह, श्रवण सिंह, जितेंद्र शर्मा, स्वरूप सहित बड़ी संख्या में अस्पताल कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए। अस्पताल स्टाफ ने कहा कि डॉक्टर समाज के लिए भगवान का रूप होते हैं, जो अपने कर्तव्य और सेवा भाव से लोगों को नया जीवन देने का काम करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।